शिमला, 06 मार्च : हिमाचल प्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक (HAS) संयुक्त परीक्षा 2023 का परिणाम घोषित किया है। शिमला के टूटू में बीडीओ के पद पर तैनात अनमोल इस परीक्षा में टॉपर रहे हैं। वहीं हिमानी दूसरे स्थान पर रही है।
इसके अलावा अनुभव तंवर, कार्तिकेय डोगरा, करणवीर सिंह, नेहा नेगी और योगेश कुमार भी एचएएस के लिए चयनित हुए हैं। सात चयनित अभ्यर्थियों में दो लड़कियां शामिल हैं। हिमानी बिलासपुर और नेहा नेगी शिमला जिला के रामपुर बुशहर के सराहन की रहने वाली है।
राज्य लोकसेवा आयोग के सचिव देवेंद्र कुमार रत्न ने बताया कि हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक संयुक्त परीक्षा 2023 की प्रारंभिक परीक्षा 01 अक्तूबर 2023 को करवाई गई थी। 13 से 19 दिसम्बर 2023 तक इसकी मुख्य परीक्षा ली गई और इसमें पास होने वाले अभ्यर्थियों के 4 से 6 मार्च 2024 तक साक्षात्कार हुए।
कुल 11 पदों के लिए परीक्षा करवाई गई। इस में विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए 7 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं, जबकि पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने पर 4 पद रिक्त रहे हैं।