Lok Sabha Elections : भोजपुर सुपरस्टार पवन सिंह ने आसनसोल सीट से चुनाव लड़ने से किया इनकार, कह दी यह बात; भाजपा ने दिया था टिकट

by reporter a

सूत्र बता रहे हैं पवन सिंह आरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाह रहे थे लेकिन उन्हें भाजपा ने टिकट नहीं दिया। उन्हें पश्चिम बंगाल के आसनसोल लोकसभा का टिकट दिया गया था।

पवन सिंह।

भोजपुर फिल्मों के सुपरस्टार ने भारतीय जनता के टिकट पर आसनसोल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कह दिया है कि मैं आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा। पवन सिंह के चुनाव नहीं लड़ने के खबर से सियासी गलियारे में हड़कंप मच गया। सूत्र बता रहे हैं पवन सिंह आरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाह रहे थे लेकिन उन्हें भाजपा ने टिकट नहीं दिया। उन्हें पश्चिम बंगाल के आसनसोल लोकसभा का टिकट दिया गया था। इसी सीट से वर्तमान में  बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं।

रविवार दोपहर भोजपुर सुपरस्टार पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आसनसोल से चुनाव न लड़ने की बात कही। उन्होंने लिखा कि “भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को दिल से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास करके आसनसोल से उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन किसी कारणवश में आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा।”

बता दें कि शनिवार शाम ही भाजपा ने लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों की पहली सीट जारी की थी। इसमें भाजपा ने पहली सूची में चार भोजपुरी अभिनेताओं को टिकट दिया गया है, जिनमें आसनसोल से पवन सिंह के अलावा उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, यूपी के गोरखपुर से रवि किशन, यूपी के आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव निरहुआ का नाम शामिल है। अचानक पवन सिंह ने आसनसोल सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर सभी को चौंका दिया है। दरअसल, आसनसोल लोकसभा सीट पर अप्रैल 2022 में उपचुनाव हुआ था। इसमें ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर शत्रुघ्न सिन्हा ने जीत हासिल की थी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल को करीब तीन लाख वोटों से हराया था। सिन्हा को साढ़े छह लाख वोट मिले थे, जबकि पॉल को साढ़े तीन लाख वोट ही मिले थे।

You may also like

1 comment

Leave a Comment