नाहन /अंजू शर्मा : सिरमौर जनपद के गिरिपार क्षेत्र कफोटा के पाब गांव से 40 साल के सुमेर चंद शर्मा के निधन का दुखद समाचार मिला है। महज 40 साल की आयु में कैंसर के गंभीर रोग से पीड़ित सुमेर चंद शर्मा इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह गए।
पारिवारिक जानकारी के मुताबिक करीब एक साल पहले कैंसर का पता चला था। इसके बाद लगातार पीजीआई चंडीगढ़ से उपचार चल रहा था। 10 माह पहले दिवंगत सुमेर चंद का कैंसर का ऑपरेशन भी हुआ था। तकरीबन दो महीने से सुमेर चंद की हालत नाजुक बनी हुई थी।
समाजसेवी की मौत का दुखद समाचार मिलने के बाद हर किसी की आंखें नम हो गई हैं। सुमेर चंद ने अपने पैतृक घर में ही अंतिम सांस ली। वहीं दिवंगत समाजसेवी सुमेर चंद शर्मा अपने पीछे धर्मपत्नी वीना शर्मा और 2 बच्चे छोड़ गए हैं, जिनका इस दुखदायी समय में रो-रो कर बुरा हाल है।
पंचायत हाटी समिति बोकाला पाब के अध्यक्ष जगदीप शर्मा ने बताया कि सुमेर चंद शर्मा मिलनसार और हमेशा समाज सेवा में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते थे। उन्होंने कहा कि सुमेर चंद शर्मा के आकस्मिक निधन से गांव नहीं पूरा क्षेत्र गहरे शोक में है। सुमेर चंद शर्मा ठेकेदारी का काम करते थे।